शब्दबीज कार्यक्रम की समीक्षा में कलेक्टर ने शिक्षकों के प्रयासों को सराहा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
सूरजपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में बच्चों की भाषा संबंधी बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित शब्दबीज कार्यक्रम की प्रगति की कलेक्टर रेना जमील ने बुधवार काे समीक्षा की। जिला एवं विकासखंड नोडलों की बैठक में उन्होंने कम समय में कार्यक्रम के तहत हुई प्रगति पर संतोष जताते हुए इसके क्रियान्वयन में योगदान देने वाले शिक्षकों और नोडलों के प्रयासों की सराहना की।
बैठक में जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू ने कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और विद्यालय स्तर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि शब्दबीज केवल शब्दों के अभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बच्चों की शब्द संपदा बढ़ाने के साथ सुनने, बोलने, पढ़ने और लिखने की क्षमता का विकास करना है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में कार्यक्रम का नियमित और प्रभावी संचालन जरूरी है।
कलेक्टर ने कार्यक्रम के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और सुधार की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था प्रमुखों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के बिना कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं किए जा सकते। जिन विद्यालयों में लापरवाही या उदासीनता मिलेगी, वहां पहले संबंधित संस्था प्रमुखों और शिक्षकों को समझाइश देकर सुधार का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला और विकासखंड नोडलों को विद्यालयों में कार्यक्रम की नियमित निगरानी करने तथा जरूरत के अनुसार शिक्षकों को मार्गदर्शन और सहयोग देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को शब्दबीज की गतिविधियों को अपनी नियमित शैक्षणिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाकर बच्चों से लगातार अभ्यास कराना चाहिए। कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी स्तरों पर समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की आवश्यकता है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, जिला नोडल गौतम कुमार शर्मा, सहायक जिला नोडल विजय बरगाह, टेसु सुमन और बुधराम साहू सहित विकासखंड नोडल रामानुजनगर से राधेश्याम साहू, प्रेमनगर से पुष्पराज पाण्डेय, ओड़गी से दिनेश कुमार पाण्डेय, भैयाथान से जुगेन्द्र सोनी और प्रतापपुर से शैलेश जायसवाल उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय