प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में 1180 गर्भवती महिलाओं की जांच, 123 हाई रिस्क के रूप में चिन्हित
सूरजपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले के जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की जांच और उपचार किया गया। आज गुरुवार को आयोजित अभियान में जिलेभर में 1180 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 123 महिलाओं को उच्च जोखिम वाली गर्भवती के रूप में चिन्हित किया गया। इस दौरान 106 महिलाओं की सोनोग्राफी भी की गई।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं का चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक जांच और उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व जांच, संतुलित पोषण, आवश्यक दवाओं और प्रसव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में परामर्श दिया।
जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला चिकित्सालय के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान, प्रतापपुर, ओड़गी और रामानुजनगर में शासकीय एवं निजी स्त्री रोग विशेषज्ञों तथा रेडियोलॉजिस्ट के सहयोग से यह सुविधा दी जा रही है।
अभियान को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने के लिए विभिन्न सेक्टरों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए। इनमें ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंची गर्भवती महिलाओं सहित अन्य हितग्राहियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ऐसे अभियानों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय