सूरजपुर में 27 हजार से अधिक राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी बाकी, कल अंतिम मौका

 

बलरामपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशनकार्ड में दर्ज 27,339 सदस्यों का ई-केवाईसी सत्यापन अब भी बाकी है। खाद्य विभाग ने इसके लिए 30 अक्टूबर की अंतिम तिथि निर्धारित की है। ऐसे में राशनकार्डधारियों को गुरुवार को ही अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान में पहुंचकर सत्यापन कराने की अपील की गई है।

खाद्य अधिकारी के अनुसार, राशनकार्ड में दर्ज सभी सदस्यों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसके लिए उचित मूल्य दुकानों पर उपलब्ध ई-पॉस मशीन अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से सत्यापन कराया जा सकता है। विभाग ने शेष सदस्यों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने को कहा है, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन ने राशनकार्ड सदस्यों के भौतिक सत्यापन के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले या मृत सदस्यों के मामलों में भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऐसे मामलों में स्थानीय निकाय के माध्यम से संबंधित नाम राशनकार्ड से हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वहीं, विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों, दिव्यांगजनों और अत्यधिक बुजुर्ग लोगों को ई-केवाईसी कराने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है। ऐसे हितग्राहियों की अलग सूची आवश्यक दस्तावेजों के साथ तैयार कर स्थानीय निकायों में जमा कराई जा रही है, ताकि उन्हें सत्यापन के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

खाद्य विभाग ने जिले के सभी राशनकार्डधारियों से अपील की है कि वे 30 अक्टूबर तक अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान में जाकर ई-केवाईसी अवश्य पूरा कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय