तिमाही परीक्षा में 60 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विषयों की समीक्षा, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

 


सूरजपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। रामानुजनगर और प्रेमनगर विकासखंड के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक में विद्यालयों के तिमाही परीक्षा परिणामों का आकलन किया गया। बैठक में आगामी छमाही और वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी, विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार तथा कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

दोनों विकासखंडों के सामुदायिक भवन में बुधवार काे आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुनील अग्रवाल ने परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। इस दौरान विशेष रूप से उन विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें तिमाही परीक्षा का परिणाम 60 प्रतिशत से कम रहा है। संबंधित विषयों के व्याख्याताओं से कम परिणाम आने के कारणों की जानकारी ली गई और आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि बढ़ाने के लिए कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही विद्यालयों में नियमित अध्यापन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विषयवार शैक्षणिक प्रगति की लगातार निगरानी की जाए, ताकि परीक्षा परिणामों में सुधार लाया जा सके।

बैठक में रामानुजनगर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवधेश साहू, प्रेमनगर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रताप सिंह पैकरा और बीपीओ रविनाथ तिवारी सहित दोनों विकासखंडों के सभी प्राचार्य तथा 60 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विषयों के व्याख्याता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय