त्योहारों से पहले सूरजपुर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर दबिश

 


सूरजपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूरजपुर पुलिस ने निगरानी और गुण्डा बदमाशों की सघन चेकिंग शुरू की है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आज बुधवार को जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पिछले दो दिनों में ऐसे लोगों के निवास और संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी मौजूदगी और गतिविधियों की जांच की।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संबंधित लोगों के वर्तमान ठिकाने, आवागमन, गतिविधियों और गुजर-बसर के साधनों के बारे में जानकारी ली। पुलिस टीमों ने उनके घरों के अलावा अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश देकर जांच की।

पुलिस ने चेकिंग के दौरान संबंधित लोगों को कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। साथ ही किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने के लिए स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निगरानी और गुण्डा बदमाशों को अपराध से दूर रहने की हिदायत देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय