धान कटाई और मिसाई के समय किसान राजाराम को मिली पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त

 


सूरजपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती-किसानी के जरूरी खर्चों को पूरा करने में आर्थिक मदद दे रही है। शुक्रवार को योजना की 24वीं किस्त जारी होने पर सूरजपुर तहसील क्षेत्र के किसान राजाराम के बैंक खाते में 2 हजार रुपये की राशि अंतरित हुई। धान कटाई के समय मिली इस राशि से उन्हें मजदूरी और कृषि मशीनों के किराये जैसे खर्चों में राहत मिलेगी।

राजाराम ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग धान की कटाई, मिसाई और उपज को मंडी तक पहुंचाने में होने वाले खर्चों के लिए करेंगे। इससे मजदूरों की मजदूरी और कृषि मशीनों के किराये का भुगतान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि धान की रोपाई से पहले भी योजना की एक किस्त मिली थी, जिसका उपयोग खाद-बीज खरीदने और खरपतवार नियंत्रण के लिए दवाइयां लेने में किया था।

राजाराम के मुताबिक, पहले खेती के लिए खाद-बीज खरीदने, मजदूरों को भुगतान करने और दूसरे कृषि कार्यों के लिए कर्ज लेना पड़ता था। इससे आर्थिक परेशानियां बढ़ जाती थीं। पीएम किसान सम्मान निधि की राशि मिलने से अब खेती के जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद मिल रही है और कर्ज पर निर्भरता भी कम हो रही है।

योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। प्रत्येक किस्त के रूप में 2 हजार रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाते हैं। राजाराम का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय