छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बारात से लौट रही पिकअप पलटी, तीन की मौत, कई घायल
सूरजपुर, 06 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा बीते देर रात उस समय हुआ, जब चौथिया (बारात ) कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप उमझर घाटी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
पुलिस से मिली जानकारी के बिहारपुर निवासी पंडो परिवार के करीब 30 लोग पिकअप वाहन (एमपी 66 जी 0850) में सवार होकर रसौकी गांव चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोहरसोप चौकी क्षेत्र के उमझर घाट के पास वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में सीता कुंवर पंडो और रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल बसंती पंडो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है। घटना में करीब 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को तत्काल अंबिकापुर और सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनास्थल पर सड़क कच्ची थी और बारिश के कारण वहां कीचड़ हो गया था, जिससे वाहन फिसलकर पलट गया। वहीं मृतकाें का आज बुधवार काे पीएम करवाया गया।
पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें। नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय