सूरजपुर में हड़ताल पर गए 14 पटवारी निलंबित, 28 पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई

 

सूरजपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में पटवारियों की हड़ताल को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की है। हड़ताल पर जाने वाले 141 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद छह पटवारियों ने काम पर वापसी कर ज्वाइनिंग दी। वहीं, हड़ताल के दौरान 14 पटवारियों को निलंबित किया गया है, जबकि 28 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है।

भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के अनुसार जिले में पटवारियों के कुल 210 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 191 पद भरे हुए हैं। इनमें से 141 पटवारी हड़ताल पर चले गए थे। उनके हड़ताल पर जाने से राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।

वर्तमान में जिले के 50 पटवारी हल्कों में अतिरिक्त प्रभार सौंपकर राजस्व संबंधी कार्यों का संचालन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय