गांव में ही धान खरीद केंद्र खुलने से किसानों को मिली राहत, तुहर टोकन ऐप से घर बैठे मिल रहा टोकन

 


सूरजपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में नए धान खरीद केंद्रों की शुरुआत से किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें धान बेचने के लिए दूर स्थित उपार्जन केंद्रों तक नहीं जाना पड़ रहा है। गांव के नजदीक ही खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसानों का समय और परिवहन खर्च बच रहा है। साथ ही धान को केंद्र तक पहुंचाने में होने वाली परेशानी भी कम हुई है।

तिवरागुड़ी पंचायत में नया धान खरीद केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। उमापुर के किसान तेज साहू और सोमार साय तथा मकरंदीपुर के किसान रविशंकर देवांगन ने बताया कि पहले उन्हें धान बेचने के लिए उमापुर उपार्जन केंद्र जाना पड़ता था। इससे आने-जाने में समय लगता था और परिवहन पर अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ता था। अब गांव में ही नया खरीदी केंद्र शुरू होने से धान बेचने में काफी सुविधा हो गई है।

किसानों ने बताया कि इस वर्ष तुहर टोकन ऐप के माध्यम से घर बैठे ही धान विक्रय के लिए आसानी से टोकन मिल गया। टोकन प्राप्त करने में भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गांव के नजदीक खरीदी केंद्र और ऑनलाइन टोकन की सुविधा मिलने से धान खरीदी की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय