मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से विनीता सिंह की शादी का सपना हुआ पूरा, परिवार को मिली 35 हजार रुपये की मदद

 


सूरजपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)।आर्थिक तंगी के कारण बेटी की शादी को लेकर चिंतित केशवनगर निवासी एक परिवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से मदद मिली। आज बुधवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत केशवनगर की विनीता सिंह का विवाह इस योजना के तहत संपन्न हुआ। शासन से मिली 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और विवाह सामग्री से परिवार को आयोजन में मदद मिली।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विनीता के माता-पिता के सामने विवाह का खर्च जुटाना चुनौती बना हुआ था। ऐसे में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मिली सहायता से उनकी चिंता कम हुई और बेटी का विवाह संपन्न हो सका।

योजना से लाभान्वित विनीता सिंह ने बताया कि आर्थिक संसाधनों की कमी के चलते उनके माता-पिता विवाह को लेकर परेशान थे। योजना के माध्यम से मिली राशि और आवश्यक सामग्री से परिवार को सहारा मिला। उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता देना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आई विनीता की कहानी बताती है कि ऐसी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा देने के साथ विवाह की जिम्मेदारी पूरी करने में मददगार बन सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय