बिना पंजीयन चल रहा गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट सील, विद्यार्थियों के परीक्षा से वंचित होने की शिकायत पर कार्रवाई
सूरजपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के ग्राम तिलसिवां स्थित गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट को बिना पंजीयन संचालित किए जाने पर आज गुरुवार को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है।
संस्थान में पढ़ने वाले डीएमएलटी और बीएमएलटी पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा से वंचित किए जाने और उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होने की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर जांच के बाद संबंधित विभाग की टीम ने संस्थान को सील किया।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने में परेशानी हो रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि संस्थान का छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल, रायपुर में पंजीयन नहीं था। इसके बाद प्रशासन ने संस्थान के संचालन पर कार्रवाई की।
सील करने की कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, तहसीलदार सूर्यकांत साय, नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश श्रेष्ठ और उनकी टीम की मौजूदगी में की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में संचालित अन्य संबंधित संस्थानों की भी जांच की जाएगी। इस दौरान पंजीयन, मान्यता और निर्धारित मापदंडों के पालन की स्थिति देखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय