जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, कलेक्टर ने समय पर ड्यूटी करने के दिए निर्देश
सूरजपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में रविवार काे जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल के सुचारू संचालन, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की। इस दौरान जीवन दीप समिति की वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। अस्पताल की जरूरतों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे समय पर अस्पताल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अस्पताल की बिजली व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, साफ-सफाई, जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा विभिन्न मदों में होने वाले खर्च और अस्पताल की अन्य आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। इन विषयों से जुड़े प्रस्तावों पर विचार कर आवश्यक अनुमोदन दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित जीवन दीप समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय