चक्रवात के खतरे को देखते हुए सूरजपुर में 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन नंबर जारी

 

सूरजपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवात के प्रभाव से संभावित भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। आपात स्थिति में सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और राहत कार्यों के समन्वय के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे संचालित रहेगा।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सूरजपुर के प्रथम तल पर कक्ष क्रमांक एच-12/88 में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके लिए दूरभाष नंबर 07775-266116 जारी किया गया है। कंट्रोल रूम के संचालन के लिए कर्मचारियों की चार पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। इसकी निगरानी और सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संयुक्त कलेक्टर प्रशांत कुमार कुशवाहा को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।

प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारियों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों और संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी सावधानियां बरतने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या प्राकृतिक आपदा की सूचना देने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 07775-266116 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय