चेक बाउंस के लंबित मामलों के निराकरण के लिए 21 नवंबर को सूरजपुर में विशेष लोक अदालत
सूरजपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। चेक बाउंस से जुड़े लंबित न्यायालयीन मामलों के आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निराकरण के लिए 21 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर की ओर से विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में होगा।
विशेष लोक अदालत में परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 की धारा 138 के तहत दर्ज चेक अनादरण यानी चेक बाउंस से संबंधित मामलों की ही सुनवाई और निराकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से त्वरित समाधान कराना है।
लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निराकरण होने से पक्षकारों को लंबी न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत मिलेगी। इससे समय और धन की बचत के साथ आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण ढंग से समाधान भी संभव होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने चेक बाउंस के मामलों से जुड़े पक्षकारों से विशेष लोक अदालत में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है, ताकि आपसी सहमति से विवादों का निराकरण किया जा सके।
विशेष लोक अदालत के संबंध में अधिक जानकारी, निःशुल्क विधिक सहायता और सलाह के लिए आम नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर या तालुका विधिक सेवा समिति, प्रतापपुर से संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय