बैगलेस डे पर ‘मेरी कक्षा’ विषय पर बच्चों ने लिखे अपने अनुभव, तीन विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
सूरजपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और लेखन कौशल को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की पहल पर साप्ताहिक रचनात्मक लेखन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत बच्चों को अपने आसपास के वातावरण, दैनिक अनुभवों और कल्पनाओं को शब्दों में व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार को बैगलेस डे पर जिले के विद्यालयों में ‘मेरी कक्षा’ विषय पर लेखन गतिविधि आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी कक्षा से जुड़े अनुभवों, विचारों और भावनाओं को लेख के रूप में प्रस्तुत किया।
बच्चों ने कक्षा के माहौल, सहपाठियों, शिक्षकों, पढ़ाई-लिखाई और स्कूल में होने वाली गतिविधियों के बारे में लिखा। कुछ विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना के आधार पर एक आदर्श कक्षा कैसी होनी चाहिए, इस पर भी विचार रखे। उन्हें बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से लिखने और अपने मौलिक विचार व्यक्त करने का अवसर दिया गया।
गतिविधि के दौरान शब्दों की शुद्धता, मात्रा का सही प्रयोग, अक्षरों की बनावट, वाक्य रचना और विचारों की स्पष्टता पर ध्यान दिया गया। विद्यार्थियों के लेखों का अवलोकन और मूल्यांकन करने के बाद उत्कृष्ट लेखन करने वाले तीन बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर लेखन के लिए प्रोत्साहन मिला।
इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में स्वतंत्र चिंतन, कल्पनाशीलता और अपने विचारों को क्रमबद्ध तरीके से व्यक्त करने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय