पति के निधन के बाद भी नहीं मानी हार, दुकान और सिलाई के काम से आत्मनिर्भर बनीं अमृता

 


सूरजपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। पति का साथ छूटने के बाद परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी संभालना आसान नहीं था, लेकिन सूरजपुर विकासखंड के ग्राम सोनागढ़ की अमृता प्रजापति ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए मेहनत और दृढ़ संकल्प से अपने परिवार को संभाला और आत्मनिर्भरता की राह चुनी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से भेजा गया ‘विष्णु के पाती’ पत्र उनके संघर्ष और प्रयासों के लिए सम्मान का भावनात्मक अवसर बन गया।

पति के निधन के बाद अमृता के सामने बच्चों की परवरिश और परिवार चलाने की बड़ी चुनौती थी। ऐसे समय में उन्होंने परिस्थितियों के आगे झुकने के बजाय खुद अपने पैरों पर खड़े होने का फैसला किया। सक्षम योजना के तहत ऋण लेकर उन्होंने दुकान शुरू की और इसके साथ ही सिलाई का काम भी अपनाया। अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने परिवार को आर्थिक सहारा दिया और बच्चों की पढ़ाई भी जारी रखी।

अमृता के लिए बच्चों का भविष्य सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वह चाहती हैं कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा हासिल कर अपने सपनों को पूरा करें। इसी उद्देश्य से वह लगातार मेहनत कर रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभा रही हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से व्यक्तिगत रूप से मिला ‘विष्णु के पाती’ पत्र अमृता के लिए खास बन गया। अपने संघर्ष और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को मिली इस सराहना से वह भावुक और अभिभूत हैं। अमृता ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विष्णु भैया का पत्र पाकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। उन्होंने इस आत्मीय पहल के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय