सूरजपुर : सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद भड़का आक्रोश, डायल-112 टीम पर हमला
घायलों को अस्पताल पहुंचाने गई पुलिस टीम से मारपीट, आरक्षक और चालक घायल; चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
सूरजपुर, 21 जून (हि.स.)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। हादसे में तीन युवकों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डायल-112 की टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस आरक्षक और वाहन चालक के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, घटनास्थल पर खड़े ट्रक को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज एफआईआर दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर बैकोना गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक मक्का लदे ट्रक से तेज रफ्तार माेटरसाइकिल टकरा गई। माेटरसाइकिल पर चार युवक सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उल्लेखनीय है कि घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि टीम पहले दो घायलों को अस्पताल लेकर गई और फिर अन्य घायलों को लेने वापस घटनास्थल पहुंची। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए।
ग्रामीणों का आरोप था कि, पुलिस की कार्रवाई और वाहन जांच के कारण ट्रक सड़क पर खड़ा रहा, जिससे हादसा हुआ। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने डायल-112 टीम को घेर लिया और आरक्षक नीतेश टोप्पो तथा वाहन चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों को लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए।
उधर, हादसे से नाराज लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में आग लगा दी। आग की लपटों ने कुछ ही देर में ट्रक के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। दमकल और पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस ट्रक से माेटरसाइकिल टकराई, उससे करीब डेढ़ घंटे पहले एक कार की भी टक्कर हुई थी। उस समय विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया था। ट्रक चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर वहां से चला गया था। इसके बाद रात में माेटरसाइकिल सवार युवक उसी ट्रक से जा टकराए।
प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने आज बताया कि, डायल-112 कर्मियों के साथ मारपीट की घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले में चार नामजद आरोपितों सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओपी ने यह भी स्पष्ट किया कि डायल-112 टीम द्वारा किसी प्रकार की वाहन जांच किए जाने का आरोप तथ्यहीन है। उन्होंने कहा कि टीम सूचना मिलने पर राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची थी। पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय