सूरजपुर के 7250 गन्ना किसानों के खातों में पहुंचे 11.34 करोड़ रुपये से अधिक के बोनस
सूरजपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक राहत देते हुए माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, ग्राम केरता की ओर से पेराई सीजन 2025-26 की बोनस राशि किसानों के बैंक खातों में अंतरित कर दी गई है। जिले और आसपास के क्षेत्र के 7250 किसानों को कुल 11 करोड़ 34 लाख 64 हजार 265 रुपये 78 पैसे का भुगतान किया गया है। किसानों को राज्य शासन द्वारा निर्धारित 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में आयोजित कृषक चौपाल के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों ने लंबित बोनस राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग रखी थी। किसानों की मांग के बाद बोनस भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई, जिससे हजारों किसानों को आर्थिक संबल मिला है।
माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, ग्राम केरता में पेराई सीजन 2025-26 के दौरान किसानों से कुल 1,18,253.53 मीट्रिक टन गन्ने की खरीदी की गई थी। किसानों के परिश्रम और योगदान को देखते हुए शासन द्वारा निर्धारित बोनस की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है।
बोनस राशि मिलने से किसानों को आगामी फसल की तैयारी और खेती से जुड़े खर्चों में मदद मिलेगी। साथ ही गन्ना उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। कारखाना प्रबंधन ने सभी गन्ना उत्पादक किसानों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसानों का परिश्रम, विश्वास और सहयोग ही कारखाने की प्रगति का आधार है। बोनस भुगतान के बाद किसानों में उत्साह का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय