सूरजपुर के 13 विद्यालयों में संगीत प्रशिक्षकों की होगी अंशकालिक भर्ती

 

सूरजपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के 13 विद्यालयों में संगीत प्रशिक्षण के लिए अंशकालिक प्रशिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह का एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा। यह नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक के लिए होगी।

राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के 26 जून 2026 को जारी आदेश के तहत यह भर्ती की जा रही है। जिले के छह पीएमश्री विद्यालयों, छह प्राथमिक शालाओं और एक एकलव्य विद्यालय में एक-एक पद स्वीकृत किया गया है। इनमें पीएमश्री सेजेस विद्यालय प्रेमनगर, नवापारा, बतरा, रामानुजनगर, जयनगर और ओड़गी शामिल हैं।

इसके अलावा पीएमश्री प्राथमिक शाला भटगांव कॉलरी, राजापुर, केशवपुर, चंदनपुर और धरमपुर तथा एकलव्य विद्यालय शिवप्रसादनगर में भी एक-एक संगीत प्रशिक्षक की भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित विद्यालय के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकेंगे।

चयनित संगीत प्रशिक्षकों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से निश्चित मानदेय दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार के अन्य भत्ते की पात्रता नहीं होगी। विभाग के अनुसार भर्ती के लिए आयु सीमा और आवेदन की अंतिम तिथि से संबंधित विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को कार्यालयीन सूचना का अवलोकन करते रहने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय