किसान संघ की मांग खाद- बीज की निर्बाध आपूर्ति की जाए

 


धमतरी, 27 मई (हि.स.)। भारतीय किसान संघ मगरलोड द्वारा बुधवार को किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर रैली निकाली गई। रैली के दौरान किसानों ने नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों के लिए खाद एवं बीज की संपूर्ण और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

किसान संघ ने कहा कि वह लगातार खाद की कालाबाजारी के विरोध में सरकार को आगाह करता रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए अब तक ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का सीधा असर किसानों की आजीविका पर पड़ रहा है, ऐसे समय में खाद की कालाबाजारी जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है।

ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश में खाद एवं बीज की किसी भी प्रकार की कमी न होने पाए। किसानों को समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए तथा प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी और दो बोरी यूरिया दिया जाए। निजी खाद विक्रेताओं पर निगरानी रखते हुए किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने तथा अधिक मूल्य पर बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई।

किसान संघ ने एग्रीस्टैक में पंजीकृत किसानों को समितियों में नगद भुगतान पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की भी मांग रखी। किसान संघ ने ज्ञापन में कहा कि नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के प्रयोग को लेकर किसानों में पर्याप्त जानकारी का अभाव है तथा वर्षा के प्रति इसकी संवेदनशीलता के कारण इसके उपयोग में विफलता की संभावना बनी रहती है। ऐसे में नैनो उर्वरकों की कीमत घटाकर उनकी मात्रा दोगुनी की जाए। साथ ही कृषि कार्य के लिए किसानों को डीजल कंटेनर एवं जेरीकैन में उपलब्ध कराने, समितियों में गुणवत्तापूर्ण बीजों का भंडारण करने तथा हरी खाद के लिए ढैंचा, सन और मूंग के बीज सस्ती दर पर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

भारतीय किसान संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर किसान संघ मगरलोड अध्यक्ष तोमन सिंह साहू, पूरन कोसले, राम विशाल निषाद, रामजी सोनी, मंसाराम साहू, कृष्ण कुमार साहू, हुलास राम साहू, रामा साहू, कमलेश कुमार मारकंडे सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। वहीं चेतन राम साहू, तुलाराम साहू, ईश्वर लाल साहू, जयतु राम साहू, खूबलाल साहू, नंदकुमार साहू, लखन राम साहू, वेदराम साहू, चिरौंजी साहू, हीरालाल साहू, भोजराम पटेल, बसंत कुमार साहू एवं गौतम साहू सहित अन्य किसानों की भी मौजूदगी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा