स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव : होमेश्वर साहू
धमतरी, 18 जून (हि.स.)।
ग्राम मुजगहन के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक एक एवं चार में सुपोषण चौपाल के अंतर्गत गुरुवार को गोदभराई कार्यक्रम एवं छह वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का विदाई समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच होमेश्वर साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सरपंच होमेश्वर साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। कार्यक्रम के दौरान पूरक पोषण आहार की उपयोगिता एवं उसके नियमित सेवन की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को संतुलित भोजन, हरी सब्जियां, फल, दूध तथा प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व से अवगत कराया। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की अहम भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम की शुरुआत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म के साथ हुई, जिसमें उन्हें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। वहीं आंगनबाड़ी से प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे बच्चों को शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। सुपोषण चौपाल के माध्यम से आयोजित यह कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कुपोषण की रोकथाम तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ। इस अवसर पर पालकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा