कोरबा में अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ और समयपाल सीताराम पटेल 39 और 41 वर्ष की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त
कोरबा, 31 जुलाई (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा में अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ और समयपाल सीताराम पटेल के सेवानिवृत्त होने पर आज निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों कर्मचारियों का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ ने वर्ष 1987 में अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत की थी। बिलासपुर नगर निगम से सेवा प्रारंभ करने के बाद वे नगर निगम कोरबा में अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत रहे। लगभग 39 वर्षों की सेवा पूरी करने के बाद वे सेवानिवृत्त हुए।
वहीं समयपाल सीताराम पटेल ने वर्ष 1985 में साडा कार्यकाल के दौरान अपनी सेवाएं शुरू की थीं। 41 वर्षों की लंबी और समर्पित सेवा के बाद वे भी सेवानिवृत्त हुए। समारोह में दोनों अधिकारियों की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और संगठन के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि सुरेश बरूआ ने अपने कार्यकाल में ऊर्जा, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, जबकि सीताराम पटेल ने ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों के अनुभव और सेवाएं निगम के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, एन.के. नाथ, अखिलेश शुक्ला, रूचि साहू, मनीष यादव सहित कई अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। समारोह का संचालन स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपायुक्त नीरज कौशिक ने किया। बड़ी संख्या में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी इस सम्मान समारोह में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी