ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन, 1160 खिलाड़ियों ने लिया विशेष प्रशिक्षण

 






-1160 खिलाड़ियों ने लिया विशेष प्रशिक्षण

धमतरी, 12 जून (हि.स.)। जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने, युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीयस्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को नगर निगम इनडोर स्टेडियम में हुआ।

नौ मई से आठ जून तक चले इस शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 1160 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में खिलाड़ियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, योग और खेल गतिविधियों का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।

विधायक ओंकार साहू ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला हैं। एक माह तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों और युवाओं की बड़ी भागीदारी जिले में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने भारतीय सेना में चयनित जिले के 63 अग्निवीर जवानों को बधाई देते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम ने कहा कि यह शिविर बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक दूरदर्शी और सराहनीय पहल है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्षशीलता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ऐसे शिविर अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार सकारात्मक कार्य हो रहे हैं, जिनके उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं और खेल उन्हें स्वस्थ, अनुशासित तथा आत्मविश्वासी नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। भारतीय सेना के लिए चयनित अग्निवीर जवानों को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का निर्माण करते हैं। उन्होंने बताया कि जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के लिए विभिन्न विकासखंडों में प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए गए, जिससे अधिक से अधिक युवा लाभान्वित हो सके।

उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 36 खेल प्रशिक्षण केन्द्र संचालित किए गए, जहां खिलाड़ियों को रग्बी, वॉलीबाल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, योग, कुडो, शतरंज, बैडमिंटन, गतका, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो और नेटबॉल सहित विभिन्न आधुनिक एवं पारंपरिक खेलों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान खिलाड़ियों को मेडिकल किट, स्टेशनरी सामग्री और सूखा पोषक आहार उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा प्रत्येक केन्द्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वहीं प्रशिक्षकों को स्मृतिचिन्ह देकर उनके योगदान का सम्मान किया गया।

समापन समारोह में भारतीय सेना के लिए चयनित 63 अग्निवीर जवानों का विशेष सम्मान किया गया, जिनका उपस्थित जनसमुदाय ने उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा