“निवा दुवड़ ते” अभियान के तहत ग्राम पोट्टेमंगू पहुंची सुकमा पुलिस, ग्रामीणाें से किया संवाद

 


सुकमा, 23 अगस्त (हि.स.)। सुकमा पुलिस द्वारा ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आमजन तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “निवा दुवड़ ते” अभियान के तहत आज रविवार काे थाना किस्टाराम क्षेत्र के. ग्राम पोट्टेमंगू में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भारी बारिश एवं बेहद खराब मौसम के बीच पुलिस टीम दुर्गम रास्तों से होकर ग्राम पोट्टेमंगू पहुंची और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे संवाद किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अपने सामान्य जनजीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में पुलिस से चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने तथा माओवादी विचारधारा से दूर रहकर क्षेत्र में शांति एवं विकास में सहभागी बनने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई, स्कूल जाने तथा भविष्य के संबंध में चर्चा की गई। बच्चों को नियमित रूप से स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए गए। इस दौरान बच्चों से पहाड़ा एवं गिनती पूछी गई। सही उत्तर देने वाले बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें चॉकलेट एवं बिस्किट देकर प्रोत्साहित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि पुलिस से डरने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस और ग्रामीणों को हाथ से हाथ मिलाकर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा एवं विकास के लिए मिलकर कार्य करना है।

कार्यक्रम के दौरान थाना किस्टाराम पुलिस द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया। इस दाैरान थाना प्रभारी किस्टाराम प्रदीप जान लकड़ा एवं पुलिस टीम उपस्थित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे