सुकमा पुलिस के 50 जवानों को दिया जा रहा कंप्यूटर दक्षता का प्रशिक्षण
सुकमा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह , मनोज तिर्की के निर्देशन में सुकमा जिले में जवानों को कंप्यूटर प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से 50 जवानों को चयनित कर साइबर शाखा, सीसीटीएनएस, एवं कार्यालयों में भेज कर कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान जवानों को कंप्यूटर के मूलभूत संचालन के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में उपयोग होने वाले विभिन्न डिजिटल माध्यमों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।
उपरोक्त प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस जवानों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना, डिजिटल कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझाना तथा दैनिक पुलिस कार्यों में कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है। सुकमा पुलिस द्वारा जवानों के क्षमता-विकास एवं आधुनिक तकनीक के अनुरूप कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। भविष्य में सभी जवानों को कंप्यूटर प्रशिक्षित करने की योजना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे