सुकमा के पोटाकेबिन पोलमपल्ली की 47 छात्राएं हुई बीमार ,एक गंभीर
सुकमा, 29 अगस्त (हि.स.)। सुकमा जिले में स्थित बालिका पोटाकेबिन पोलमपल्ली में दो दिनों के भीतर 47 छात्राओं के अचानक बीमार पडने से हड़कंप मच गया है। छात्राओं को बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद उपचार के लिए दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए सुकमा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता बीमार छात्राओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और पोटाकेबिन में अन्य छात्राओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है। इसकी जानकारी मिलते ही सुकमा कलेक्टर अमित कुमार अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ।
मिली जानकारी के अनुसार, पोटाकेबिन में लगभग 350 छात्राएं अध्ययनरत हैं। लगातार छात्राओं के बीमार होने की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।जिला अस्पताल में भर्ती कक्षा 4 की छात्रा लक्ष्मी सोढ़ी को शनिवार सुबह उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। उसे पहले दोरनापाल अस्पताल लाया गया, जहां उसे तेज बुखार भी आने लगा। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अन्य बीमार छात्राओं को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद कुछ छात्राओं की तबीयत में सुधार होने पर उन्हें वापस पोटाकेबिन भेज दिया गया है। वहीं35छात्राओं का दोरनापाल स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पडने से पोटाकेबिन की भोजन, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अभी तक छात्राओं के अचानक बीमार पडने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे