सुकली में 30.6 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 02 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार काे थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम सुकली में कार्रवाई करते हुए 30.6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत 3,060 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जिले के थाना प्रभारियों की बैठक लेकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी निर्देश के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. उल्लंडन यॉर्क और सीएसपी सिटी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सुकली में एक महिला अवैध रूप से महुआ शराब लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महिला को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक बोरी से अलग-अलग झिल्लियों में भरी कुल 326 नग महुआ शराब बरामद की गई। इन झिल्लियों में करीब 100-100 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। कुल बरामद शराब की मात्रा 30.6 लीटर और कीमत 3,060 रुपये बताई गई।
पुलिस ने आरोपित महिला मधुलता दरवेश (35), निवासी ग्राम सुकली, जांजगीर के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT