कोरबा के मत्स्य कृषकों का अध्ययन भ्रमण सफल, कलेक्टर से साझा किए अनुभव

 


कोरबा, 17 मार्च (हि. स.)। मछली पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरबा जिले के प्रगतिशील मत्स्य कृषकों का राज्य के बाहर आयोजित अध्ययन भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान किसानों ने भुवनेश्वर तथा कौशल्या गंगा क्षेत्र में स्थित प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा कर आधुनिक और वैज्ञानिक मछली पालन तकनीकों की जानकारी हासिल की।

भ्रमण से लौटने के बाद आज मंगलवार को किसानों ने कलेक्टर कुणाल दुदावत से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। कलेक्टर ने किसानों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों पर चर्चा करते हुए उन्हें आधुनिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीकों के उपयोग से मछली उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आय भी बढ़ाई जा सकती है। कलेक्टर ने किसानों को निर्देश दिए कि वे प्राप्त ज्ञान के आधार पर ठोस कार्ययोजना बनाकर जिले में मत्स्य पालन को और अधिक विकसित करें।

इस अवसर पर मत्स्य विभाग के सहायक संचालक क्रांति कुमार बघेल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को जिले में मत्स्य व्यवसाय को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी