छात्राओं ने रात में साड़ी पहने डरावनी आकृति दिखाई देने के दावे के बाद उन्हें दूसरे कैंपस में भेजा गया
कोंडागांव, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के विकासखंड गोलावंड में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास से तीन छात्राओं के बीती रात छात्रावास छोड़कर गांव के सरपंच के घर पहुंच गई थीं। छात्राओं ने रात में साड़ी पहने डरावनी आकृति दिखाई देने और अपनी ओर खींचने की कोशिश किए जाने का दावा किया है। छात्राओं काे आज रविवार काे सुरक्षा की दृष्टि से दूसरे कैंपस में भेजा गया है।
घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्राओं के डर के कारणों काे देखते हुए संबंधित अधिकारियों के लिए जरूरी है कि वे छात्राओं से बातचीत कर उनकी परेशानी समझें और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करें, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
छात्राओं ने बताया कि रात के समय छात्रावास में उन्हें साड़ी पहने किसी आकृति के दिखाई देने का डर लगा। उनका दावा है कि वह आकृति उन्हें अपनी ओर खींचने की कोशिश करती है। इससे वे काफी घबरा गईं और रात में ही छात्रावास से निकलकर सरपंच के घर पहुंच गईं। घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा, उनकी मानसिक स्थिति और वहां के वातावरण को लेकर चिंता जताई जा रही है।
मामले में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कृपेंद्र तिवारी ने बताया कि छात्राओं ने रात में डर लगने और साड़ी पहने प्रेत आत्मा जैसी आकृति दिखाई देने की जानकारी दी है। छात्राओं की परेशानी को देखते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच सहित अन्य लोगों से चर्चा कर समाधान निकालने का आग्रह किया गया । उन्होंने बताया कि छात्राएं जिस परिसर में रह रही थीं, वहां उन्हें डर लगने की बात सामने आई है। इसलिए उन्हें दूसरे कैंपस में रहने के लिए कहा गया है, ताकि वे भयमुक्त होकर पढ़ाई जारी रख सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे