सूरजपुर में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा की जानकारी, बताया निशुल्क कानूनी मदद का तरीका

 


सूरजपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाव, उनके कानूनी अधिकारों और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, साइबर अपराधों से बचने के उपायों और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान का संदेश है कि हर बच्चे का बचपन सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी हिमांशु पण्डा मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 यानी पॉक्सो एक्ट की जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने, अनजान लोगों के साथ ऑनलाइन जानकारी साझा करने से बचने और इंटरनेट पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। किसी अनुचित परिस्थिति का सामना करने पर भरोसेमंद व्यक्ति या संबंधित प्राधिकरण से मदद लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका और आम नागरिकों को मिलने वाली कानूनी सुविधाओं के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने और निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई।

अभियान के पहले चरण में 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक एक सप्ताह विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 12 नवंबर 2026 से नवंबर 2027 तक विद्यालयों में क्षमता निर्माण और जागरूकता संबंधी गतिविधियां जारी रहेंगी।

कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन और प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुजूर, वरिष्ठ एवं प्रभारी शिक्षक ओमप्रकाश राजवाड़े तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स सत्य नारायण और उमेश कुमार राजवाड़े उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय