राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में ईएमआरएस छेरीबेड़ा के विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
नारायणपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स के तत्वावधान में राजस्थान के ईएमआरएस खेरवाड़ा (उदयपुर) में आयोजित आंचलिक (जोनल) स्तर की राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), छेरीबेड़ा, जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़) की 53 सदस्यीय टीम ने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की टीमों ने भाग लिया। इसमें मध्य प्रदेश की टीम प्रथम स्थान पर रही, जबकि छत्तीसगढ़ की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
इस शानदार उपलब्धि के आधार पर छत्तीसगढ़ की प्रतिनिधि टीम में शामिल ईएमआरएस छेरीबेड़ा के आठ विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। इनमें हर्षा का चयन स्पीकर की भूमिका के लिए प्रथम स्थान पर हुआ। मनसाय एवं अनुराधा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजीला, निकिता, वेदिका, जयबती तथा शामी ने तृतीय स्थान हासिल किया। चयनित विद्यार्थियों को नई दिल्ली स्थित संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण करने तथा संसद की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलेगा।
यह उपलब्धि विद्यालय, जिला नारायणपुर एवं पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय की इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी के प्रेरणादायी नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं संरक्षण को जाता है। साथ ही कार्यक्रम प्रभारी एवं सामाजिक विज्ञान के शिक्षक श्री अनुप कुमार मौर्य के समर्पित प्रयासों तथा प्रभावी प्रशिक्षण ने विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी ने एनईएसटी मुख्यालय, नई दिल्ली, ईएमआरएस स्टेट सोसायटी (सीटीडी), रायपुर, कलेक्टर नारायणपुर नम्रता जैन, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह सहित सभी अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन एवं निरंतर समर्थन के कारण विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय तथा छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं समस्त शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे