बेसौली छात्रावास की छात्राएं गणवेश में कलेक्ट्रेट पहुंचकर नई अधीक्षिका की मांग

 


जगदलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के खंड शिक्षा परियोजना भानपुरी के अंतर्गत बेसौली छात्रावास में रहने वाली छात्राएं गणवेश में अपनी समस्याओं को लेकर बुधवार काे कलेक्ट्रेट पहुंची।

लिखित आवेदन के माध्यम से छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। भोजन में दी जाने वाली दाल की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। आवश्यक सामग्रियों में भी कटौती की जा रही है। इसके अलावा छात्रावास अधीक्षिका सुलोचना दीवान के व्यवहार और उनकी अनुपस्थिति को लेकर भी शिकायत की गई है। छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाकर उनके स्थान पर नई अधीक्षिका नियुक्त करने की मांग की है।

छात्राओं ने प्रशासन से लिखित आवेदन में छात्रावास में मिलने वाले भोजन, आवश्यक सुविधाओं, स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं और अधीक्षिका की कार्यप्रणाली का उल्लेख किया गया है। छात्राओं का कहना है कि छात्रावास में व्याप्त समस्याओं के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं ने अपने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि सितंबर 2026 में अधीक्षिका सुलोचना दीवान की पदस्थापना के बाद से छात्रावास की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। छात्राओं के अनुसार उन्हें पर्याप्त मात्रा में भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। भोजन में दी जाने वाली दाल की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। इसके साथ ही दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियों में कटौती किए जाने का आरोप लगाया गया है।

छात्राओं ने अधीक्षिका की नियमित उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अधीक्षिका भानपुरी से आना-जाना करती हैं और छात्रावास में नहीं रुकती हैं। वह प्रतिदिन केवल एक से डेढ़ घंटे के लिए छात्रावास आती हैं। इस वजह से छात्राओं को अपनी समस्याओं के निराकरण में परेशानी होती है। शिकायत में छात्राओं ने अधीक्षिका के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि किसी समस्या की जानकारी देने अथवा सुविधाओं को लेकर शिकायत करने पर अधीक्षिका चिड़चिड़ा व्यवहार करती हैं। छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसी बच्ची के बीमार होने पर समुचित व्यवस्था करने के बजाय उसके पालकों को बुलाने की बात कही जाती है।

छात्राओं ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि दीपावली की छुट्टियों के बाद से अधीक्षिका अब तक छात्रावास वापस नहीं लौटी हैं। उनकी अनुपस्थिति को लेकर छात्राओं ने प्रशासन से शिकायत की है। हालांकि, छात्राओं ने कैमरे के सामने अपनी बात रखने से इनकार कर दिया, लेकिन सामूहिक रूप से कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित आवेदन के जरिए अपनी परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे