अम्बिकापुर : हॉस्टल में नाबालिग छात्र के घायल होने के मामले में बड़ी कार्रवाई, चार आरोपित गिरफ्तार

 










अम्बिकापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर में डिगमा स्थित बिड़ला ओपन माइंड स्कूल के हॉस्टल में नाबालिग छात्र के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान चारों आरोपितों के खिलाफ अपराध से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद मंगलवार को उन्हें हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 22 नवंबर 2026 की है। स्कूल के हॉस्टल में रहने वाला एक नाबालिग छात्र रोशनदान से नीचे कूद गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद मामले की शिकायत मिलने पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 755/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2), 351(3), 125, 239 एवं 3(5) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर पुलिस ने जांच तेज की। विवेचना के दौरान पुलिस को चार लोगों के विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर उत्कर्ष किरण (41 वर्ष), निवासी मेदिनीनगर, झारखंड, हाल मुकाम कृष्णा कुंज सरगवां; सूरज प्रकाश मित्तल (42 वर्ष), निवासी पटना, बिहार, हाल मुकाम कृष्णा कुंज सरगवां; अवधेश शर्मा (34 वर्ष), निवासी रायपुर, हाल मुकाम बिड़ला स्कूल कैंपस सरगवां तथा कुणाल गोयल (24 वर्ष), निवासी धनबाद, झारखंड, हाल मुकाम कृष्णा कुंज सरगवां को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, आरक्षक अतुल मिश्रा, दीपक सोनवानी एवं दिनेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह