सक्ती में आकाशीय बिजली गिरने से छात्रा की मौत, गांव में पसरा मातम

 

सक्ती, 20 जून (हि. स.)। सक्ती जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक 11 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम अंडा में हुई, जहां खराब मौसम के दौरान अचानक गिरी बिजली ने एक मासूम की जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा की पहचान दीप्ति चंद्रा (11 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मुरीत चंद्रा की पुत्री थी और ग्राम अंडा, तहसील अड़भार की निवासी थी। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में देर रात मौसम अचानक खराब हो गया था। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश का दौर जारी था। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दीप्ति चंद्रा आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली गिरते ही छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। छात्रा को बचाने की हर संभव कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही मालखरौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली गिरना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

दीप्ति स्थानीय विद्यालय में अध्ययनरत थी और पढ़ाई में भी अच्छी बताई जा रही थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने बताया कि दीप्ति मिलनसार स्वभाव की थी और उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों को जागरूक करने और सुरक्षा उपायों को लेकर विशेष अभियान चलाने की मांग की है। मौसम विभाग भी लगातार खराब मौसम और आकाशीय बिजली को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।

उल्‍लेखनीय है क‍ि, मानसून और प्री-मानसून सीजन के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे या असुरक्षित स्थानों पर खड़े रहने से बचना चाहिए।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे ग्राम अंडा में मातम का माहौल है और लोग दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT