कक्षा 11वीं के एक छात्र ने दौड़ा-दौड़ाकर काटा 10 से 12 विद्यार्थियों को

 


-छात्र को कुछ माह पहले काटा था कुत्ते ने

धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)। कक्षा 11वीं के एक छात्र ने अलग-अलग दिनों में 10 से 12 विद्यार्थियों को कक्षाओं में घुसकर दौड़ा-दौड़ाकर काटा, तो विद्यार्थियों व शिक्षकों की चिंता बढ़ गई। काटने वाले छात्र को कुछ माह पहले कुत्ता ने काटा था, ऐसे में छात्र को हाइड्रोफोबिया की आशंका के चलते पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

इधर जिन-जिन विद्यार्थियों को छात्र ने काटा है, उन्हें सुरक्षा के मद्देनजर रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया है, ताकि किसी तरह अनहोनी न हो। इधर डाक्टरों का कहना है कि छात्र में हाइड्रोफोबिया का किसी तरह लक्षण नहीं है। छात्र पूरी तरह से ठीक है। यह शरारत लग रही है।

कुरूद बीएमओ डा जेपी दीवान से मिली जानकारी के अनुसार शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिलौटी में कक्षा 11वीं के एक छात्र द्वारा स्कूल में कक्षाओं में प्रवेश कर पिछले तीन से चार दिनों के भीतर 10 से 12 विद्यार्थियों को दौड़ा-दौड़ाकर काटने की सूचना मिली। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों में दहशत फैल गया। शिक्षकों व ग्रामीणों ने इसकी सूचना कुरूद अस्पताल में दी, तो काटने वाले छात्र को अस्पताल लाया गया। पूरी तरह से छात्र की जांच की गई। छात्र में किसी तरह हाइड्रोफोबिया का लक्षण नहीं मिला। इस छात्र को तीन माह पहले एक कुत्ता ने काटा था। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर काटने वाले छात्र को जिला अस्पताल धमतरी में रिफर किया गया है।

छात्र को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में सुरक्षा में रखा गया है। छात्र के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं है। छात्र सामान्य ढंग से खाना खा रहा है और पानी पी रहा है। इससे स्पष्ट है कि छात्र सुरक्षित है। हालांकि छात्र ने स्कूल में अन्य बच्चों को काटा है, यह शरारती लग रहा है। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर जिन विद्यार्थियों को उस छात्र ने काटा है, सभी को रैबीज का इंजेक्शन लगा दिया गया है। सभी छात्र सुरक्षित है। हालांकि कुछ बच्चों व पालकों में थोड़ा डर बना हुआ है। कक्षा नवमीं व 11वीं समेत अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को छात्र ने काटा है। इस घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा