कोरबा में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर सख्ती, कलेक्टर-एसपी ने एजेंसियों को दिए कड़े निर्देश
कोरबा, 12 अप्रैल (हि. स.)। जिले में घरेलू रसोई गैस की सुचारू उपलब्धता और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में आज रविवार को कलेक्टर
कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में गैस वितरक एजेंसियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वितरण व्यवस्था, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि, प्रशासन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर गैस बेचने जैसी शिकायतें मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन, संबंधित तहसीलदार और थाना प्रभारी को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी गैस एजेंसियों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एजेंसी परिसर के बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बाहरी दिशा में भी कैमरे लगाने और चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने गैस वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एजेंसियों को निर्देशित किया कि सिलेंडर की डिलीवरी ‘फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व’ के आधार पर और बुकिंग तिथि के अनुसार ही की जाए। साथ ही प्रत्येक डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही की जाए और बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर न दिया जाए। उपभोक्ताओं को 25 दिनों से पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और आपसी समन्वय से एलपीजी सिलेंडर का सुचारू भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को देने के लिए कहा गया है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी गैस एजेंसियां अपने परिसर में बैनर के माध्यम से तहसीलदार, थाना प्रभारी और जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करें, ताकि जरूरत पड़ने पर आमजन आसानी से संपर्क कर सकें।
जिले में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की निगरानी के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। आम नागरिक 9691901259 नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत, सुझाव या जानकारी दर्ज करा सकते हैं। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी