आवारा पशु व नकली खाद-बीज व नशे पर कड़ी कार्रवाई की मांग
धमतरी, 13 जून (हि.स.)। खेती बचाओ आंदोलन समिति छत्तीसगढ़ ने किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की बुनियादी समस्याओं को लेकर सात सूत्रीय मांगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई, कृषि संकट, आवारा पशुओं की समस्या, खाद-बीज की कमी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं तथा नशे के बढ़ते कारोबार पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। समिति ने इन सभी मुद्दों पर तत्काल, प्रभावी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
केंद्रीय समिति सदस्य टिकेश्वर साहू, प्रदेश प्रभारी सतवंत सिंह महिलांगे, रामविशाल साहू एवं दाऊ लाल साहू ने बताया कि वर्तमान समय में किसान, मजदूर और आम लोग कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनका समय पर समाधान नहीं होने से जनआक्रोश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, जिससे किसानों की फसलें व्यापक स्तर पर नष्ट हो रही हैं और सड़क दुर्घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर गौठान एवं पशु आश्रय केंद्रों के प्रभावी संचालन की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे बताया कि सहकारी समितियों में खाद एवं बीज की गंभीर कमी बनी हुई है, जिसके चलते किसानों को मजबूरी में निजी दुकानों से ऊंचे दामों पर सामग्री खरीदनी पड़ रही है। ऐसे में सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त खाद-बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों को समय पर निश्शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश उपलब्ध कराना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे बताया कि नकली एवं घटिया खाद-बीज की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, क्योंकि इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ भूमि की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही महंगाई पर नियंत्रण, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश और शासकीय एवं निजी अस्पतालों में व्याप्त भ्रष्टाचार, फर्जी बिलिंग और अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी एवं कार्रवाई की मांग की। इस दौरान रसूल खां, जाहिद खां, धनऊ यादव सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा