रायपुर : विवाद के बाद कार का पीछा कर पत्थरबाजी, दो युवक गिरफ्तार

 


रायपुर, 22 सितंबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के आजाद चौक में विवाद के बाद कार का पीछा कर बैरन बाजार क्षेत्र में कार के पीछे के कांच पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ करने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना के महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर दोनों आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ गणेश पंडाल देखने और घूमने निकले थे। इसी दौरान आजाद चौक के पास उनका दो युवकों से विवाद हो गया। मौके पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद विवाद शांत हो गया।

इसके बाद प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ कार से आगे बढ़ गए। आरोप है कि, दोनों युवक उनकी कार का पीछा करते हुए बैरन बाजार तक पहुंचे और मौका पाकर कार के पीछे के कांच पर पत्थर मार दिया। पत्थर लगने से कार का कांच टूट गया। घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कैमरे की फुटेज और घटना में प्रयुक्त वाहन के नंबर के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष यादव (19), पिता स्व. अरुण यादव, निवासी पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर और आदित्य सिंह ठाकुर (22), पिता प्रताप सिंह ठाकुर, निवासी पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में की है।

मामले में अपराध क्रमांक 385/2026 के तहत धारा 296, 125, 324(1) एवं 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। दोनों युवकों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस ने कहा है कि, लोकशांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, हंगामा अथवा अशांति उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर