जनजातीय गौरव दिवस पर पीजी कॉलेज परिसर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का हुआ अनावरण
जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज रविवार काे जगदलपुर में जनजाति गौरव समाज, जिला बस्तर के द्वारा धरमपुरा स्थित पीजी कॉलेज प्रांगण में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। फूलों से सुसज्जित प्रतिमा स्थल और आयोजन ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, जिन्हें श्रद्धापूर्वक 'धरती आबा' के नाम से जाना जाता है, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय अधिकारों के संघर्ष के महानायक रहे हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का अलख जगाया। उनका जीवन और संघर्ष आज भी देशभर के जनजातीय समाज के साथ-साथ युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रतिमा अनावरण के माध्यम से जनजाति गौरव समाज ने भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और अपने महापुरुषों के गौरवशाली योगदान से परिचित कराने का माध्यम बनेगी।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की यह प्रतिमा बस्तर की धरती पर जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगी। यह आयोजन न केवल महान जननायक के प्रति श्रद्धा और सम्मान की अभिव्यक्ति है, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प भी है।
इस अवसर पर राज बहादुर सिंह राणा, सुभाऊराम कश्यप, बैदूराम कश्यप, महापौर संजय पाण्डे, गोपाल नाग, तुलुराम कश्यप, संतोष नाग, परीसराम बेसरा, महेन्द्र कश्यप, बलदेव मंडावी, कामदेव बघेल, लोकनाथ नाग, रामप्रसाद मौर्य, संतोष गौर, भरत कश्यप सहित भारी संख्या में जनजाति समाज के गणमान्य एवं अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे