शहीद पार्क में अव्यवस्थाओं का आलम, शिकायत के बावजूद नहीं हाे रहे सुधार : राजेश चौधरी
जगदलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। नगर पालिक निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने आज बुधवार को कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा नगर निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जगदलपुर के शहीद पार्क का निरीक्षण किया गया।
उन्हाेंने बताया कि लगातार आम नागरिकों से शिकायत मिल रही थी, कि शहीद पार्क में अव्यवस्थाओं का आलम है। शहीद पार्क के रखरखाव तथा वहां लगे हुए बच्चों के लिए मनोरंजन के संसाधन तथा बड़ों के उपयोग हेतु खुला व्यायाम शाला का इक्विपमेंट खराब हो चुका है। शिकायत के बावजूद भी उसकी मरम्मत नहीं हो पाई।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने पाया कि शहीद पार्क के भीतर जहां आम नागरिकों के द्वारा प्रतिदिन अपने स्वास्थ्य को लेकर व्यायाम,पदयात्रा तथा बच्चों को छुट्टी के दिन शहीद पार्क में ले जाने पर झूला, फिसल पट्टी इत्यादि मनोरंजन के जो संसाधन पार्क में पूर्व सरकार द्वारा लगे हैं, वह खराब हो चुके हैं। जिसकी मरम्मत की आवश्यकता है तथा वहां घास, जंगल झाड़ी, कीचड़, पानी का जमाव होने के कारण से बच्चे जो सही सामग्री है, उसका उपयोग भी नहीं कर पा रहे हैं। शहीद पार्क में लगे आदिवासी परिवार की मूर्ति का हाल भी बुरा है, वह जगह से जगह-जगह टूटी हुई है, रंग रोगन भी नहीं हुआ है। शहीद पार्क की जो सड़क के मध्य में जो फव्वारा लगा हुआ है वह शहीद पार्क की शान है, जो पिछले कई महीनो से बंद पड़ा हुआ है। उसकी मरम्मत ट्रिपल इंजन की सरकार वाले महापौर और निगम प्रशासन के द्वारा नहीं किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि शहीद पार्क की हालत देखकर नगरवासी ऐसे महापौर को चुनकर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। शहीद पार्क में लगी फिसल पट्टी जो की तीन जगह से उखड़ी हुई है, यदि कोई बच्चा धोखे से भी उस फिसल पट्टी का उपयोग करेगा तो उसकी चमड़ी छिल जाएगी। शहीद पार्क में जहां-तहां गंदगी पसरी पड़ी हुई है पार्क के मैदान में गड्ढे बने हुए हैं पानी का जमाव दिख रहा है। शहीद पार्क में घास कटर मशीन 04 नग हैं पर चालू कंडीशन में बस 01 मशीन है, बाकी 03 मशीन खराब है, जिसका शुध लेने वाला भी कोई नहीं है। महापौर और उनकी टीम सिर्फ और सिर्फ फोटो खींचाने में व्यस्त हैं, आम नागरिकों की असुविधा से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। यदि जल्द से जल्द महापौर और निगम प्रशासन शहीद पार्क में व्यवस्था नहीं सुधारते हैं तो कांग्रेस पार्षददल आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी महापौर और निगम प्रशासन की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे