अटल आरोग्य लैब में अत्याधुनिक मशीनें पहुंची, लिफ्ट इंस्टालेशन कार्य शुरू
धमतरी, 06 मई (हि.स.)। धमतरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। धमतरी जिला अस्पताल के ट्रामा यूनिट में अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब स्थापित की जा रही है, जिससे अब मरीजों को उच्चस्तरीय जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
ट्रामा यूनिट के द्वितीय तल पर बन रही इस लैब में आधुनिक मशीनों की आपूर्ति शुरू हो चुकी है और इंस्टालेशन कार्य तेजी से जारी है। विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी 15 दिनों के भीतर लैब पूरी तरह से संचालित होने लगेगी। यह पहल न केवल जांच प्रक्रिया को तेज और सटीक बनाएगी, बल्कि मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भर रहने से भी राहत देगी।
लैब में विभिन्न प्रकार की जांच के लिए उन्नत मशीनें लगाई जा रही हैं। इनमें सीबीसी मशीन, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइज़र (सोडियम, पोटेशियम, क्लोराइड जांच हेतु), बायोकेमिस्ट्री मशीन (लीवर, किडनी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल जांच के लिए), ईएसआर मशीन (सूजन की जांच) और कोएगुलेशन मशीन (रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया की जांच) शामिल हैं। एचएलएल कंपनी के लैब समन्वयक संतोष सोनवने के अनुसार, इन सभी मशीनों का इंस्टालेशन अगले दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। सिर्फ जांच सुविधाओं तक ही सीमित नहीं, बल्कि ट्रामा यूनिट में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट इंस्टालेशन का कार्य भी बुधवार से शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से लंबित इस कार्य को अब कलेक्टर अविनाश मिश्रा की पहल और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से गति मिली है।
भवन में ड्रेनेज सिस्टम का कार्य पूरा हो चुका है और बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई है। पूरी लैब को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित की गई है। इससे सभी जांच प्रक्रियाएं ऑनलाइन मोड में संचालित होंगी, जिससे पारदर्शिता और दक्षता दोनों बढ़ेंगी। बुधवार को डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी डॉ. कल्पना ध्रुव ने ट्रामा यूनिट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा