कांकेर राज्यस्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे धमतरी के खिलाड़ी

 


धमतरी, 11 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका एवं अस्मिता खेलो इंडिया जूनियर-सिनियर बालिका-महिला वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए धमतरी जिले के वेटलिफ्टरों का दल शुक्रवार दोपहर कांकेर के लिए रवाना हुआ।

प्रतियोगिता का आयोजन 11, 12 एवं 13 सितंबर को न्यू बस स्टैंड मिनी स्टेडियम कांकेर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और संतुलन का प्रदर्शन करेंगे। धमतरी से रवाना हुए दल में अनुभवी कोच एवं पदाधिकारी के साथ बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं।

पूर्व छत्तीसगढ़ वेटलिफ्टिंग संघ सहसचिव, धमतरी जिला वेटलिफ्टिंग संघ अध्यक्ष एवं कोच सुनील निषाद के नेतृत्व में टीम प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंची है। दल के मैनेजर वासु निषाद हैं। बालिका वर्ग में ईशा, दीपिका, निशु और मेघा पाल प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगी। वहीं बालक वर्ग में वेद प्रकाश, पुष्पेंद्र, मयंक, सागर, माधव, खेमराज, विकास, भुवन और खिलेंद्र कोचिंग टीम के मार्गदर्शन में मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।

खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी की है और बेहतर प्रदर्शन के साथ जिले का नाम रोशन करने का लक्ष्य लेकर रवाना हुए हैं। धमतरी जिला वेटलिफ्टिंग संघ अध्यक्ष एवं कोच सुनील निषाद ने कहा कि वेटलिफ्टिंग जैसे खेल में शारीरिक क्षमता के साथ तकनीक, अनुशासन, नियमित अभ्यास और मानसिक दृढ़ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। धमतरी के खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के दौरान इन्हीं पहलुओं पर विशेष ध्यान देते हुए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा