धमतरी में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू

 




धमतरी, 20 अगस्त (हि.स.)।

जिला मुख्यालय धमतरी में गुरुवार से 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत टेबल टेनिस और कुश्ती के मुकाबले शुरू हुए। प्रदेश के पांच संभागों से करीब 550 खिलाड़ी इन दोनों खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के साथ 150 सहयोगी अधिकारी-कर्मचारी भी धमतरी पहुंचे हैं। शहर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

जिला आयोजन समिति एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 20 से 23 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। कुश्ती के मुकाबले स्थानीय इंडोर स्टेडियम और टेबल टेनिस की स्पर्धाएं दानीटोला वार्ड स्थित आंबेडकर भवन में हो रही हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इससे शरीर और मन स्वस्थ रहता है। खेलों के माध्यम से बच्चों और युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। धमतरी के खिलाड़ी राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें, यही हमारी कामना है। खेल में जीत-हार से अधिक निष्ठा और सद्भाव जरूरी है। हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि, प्रतिभा के साथ निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता के लिए जरूरी है। युवाओं की ऊर्जा को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना आवश्यक है। जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच देती हैं। पूर्व विधायक धमतरी रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि धमतरी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर आगे की तैयारी करनी चाहिए।

डीईओ मधुलिका तिवारी ने बताया कि, प्रतियोगिता में करीब 550 खिलाड़ी और 150 सहयोगी अधिकारी-कर्मचारी भाग ले रहे हैं। राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी फाल्गुनी यादव ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर धमतरी जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, जनपद उपाध्यक्ष केशव साहू, मिश्री लाल पटेल, होमेंद्र कोले, सहायक संचालक शिक्षा यदुनंदन वर्मा, जिला परियोजना अधिकारी खेमेंद्र कुमार साहू, बीईओ लीलाधर चौधरी, एएसओ जेपी देव, बीएसओ खिलेंद्र साहू, कुश्ती कोच विकास ठाकुर, व्यायाम शिक्षक प्रखर श्रीवास्तव, नवनीत पचौरी, प्रदीप सिन्हा, गिरीश गजपाल, प्रफुल्ल योगी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन हरीश देवांगन, सुरेश साहू एवं उज्ज्वला साहू ने किया।

टेबल टेनिस में दुर्ग-बिलासपुर का दमदार प्रदर्शन

गुरुवार को आयोजित टेबल टेनिस स्पर्धा के अंडर-14 बालक वर्ग में बिलासपुर ने रायपुर को 3-0, दुर्ग ने सरगुजा को 3-0, दुर्ग ने बस्तर को 3-0 और बिलासपुर ने सरगुजा को 3-0 से हराया। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में दुर्ग ने बिलासपुर को 3-2, बस्तर ने रायपुर को 3-0, रायपुर ने सरगुजा को 3-0 और बिलासपुर ने सरगुजा को 3-0 से शिकस्त दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा