डबल इंजन सरकार में युवा बेरोजगार, सरकारी भर्तियों पर लगा ताला : दीपक बैज

 


रायपुर, 4 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, सत्ता में आने से पहले भाजपा ने ‘गारंटी’ के नाम पर युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां देने और अनियमित कर्मचारियों को 100 दिन में नियमित करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।

बैज ने आरोप लगाया कि, प्रदेश में पीएससी, व्यापमं और शिक्षक भर्ती जैसी प्रक्रियाएं ठप हैं। नए पदों का सृजन तो दूर, स्वीकृत पदों पर भी नियमित भर्ती नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि, विद्या मितान, अतिथि शिक्षक, संविदा कर्मचारी, रसोईया और सफाई कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, सरकारी भर्तियों के अवसर कम होने के साथ ही निजी उद्योगों में भी स्थानीय युवाओं की छंटनी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि, आउटसोर्सिंग के नाम पर छत्तीसगढ़ के युवाओं के रोजगार के अवसर बाहरी लोगों को दिए जा रहे हैं। इसके चलते इंजीनियर, ग्रेजुएट, डिप्लोमा धारक, आईटीआई प्रशिक्षित और अन्य उच्च शिक्षित युवा निराश हैं।

बैज ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की रोजगार नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि, उस दौरान शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, वन और महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों में नियमित पदों पर भर्ती की गई। स्वामी आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती, पुलिस भर्ती और स्थानीय उद्योगों में 80 प्रतिशत स्थानीय रोजगार के नियम को लागू करने का भी उन्होंने दावा किया।

उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार में पूर्ववर्ती सरकार की कई रोजगार संबंधी नीतियां समाप्त कर दी गई हैं। बैज ने आरोप लगाया कि, सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा आज रोजगार के अवसरों की कमी के कारण आक्रोशित और स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर