पिकनिक विवाद में चाकूबाजी, दो माह बाद आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी पैरी नदी रेत घाट में पिकनिक के दौरान हुए चाकू हमले के मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है और उसे आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आठ फरवरी 2026 को ग्राम बुडेनी निवासी त्रिभुवन साहू (25) अपने साथियों के साथ पैरी नदी रेत घाट में पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान गांव का ही त्रिलोकी साहू वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए मुर्गा-शराब के लिए जबरन पैसों की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसने आवेश में आकर चाकू से त्रिभुवन के बाएं कूल्हे पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को साथियों ने उपचार के लिए शासकीय अस्पताल गोबरा नवापारा पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। मामले की रिपोर्ट 09 फरवरी को चौकी करेलीबड़ी में दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मेडिकल परीक्षण में धारदार हथियार से चोट लगना पुष्टि हुई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपित त्रिलोकी साहू (25), निवासी ग्राम बुडेनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने घटना को स्वीकार किया। उसके कब्जे से चाकू भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। करेलीबड़ी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा