स्वतंत्रता की अलख जगाने धमतरी में दौड़े जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा
धमतरी, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शुक्रवार को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। गांधी चौक से सुबह 8.30 बजे शुरू हुई स्वतंत्रता दौड़ को महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
गांधी चौक से शुरू हुई दौड़ गोलबाजार, घड़ी चौक, भगवती लॉज, देवश्री टॉकीज रोड, शिव चौक और सेंचुरी गार्डन होते हुए पुनः गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया, वहीं पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य वीर सपूतों के बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ जैसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने तथा उनमें राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। स्वतंत्रता दौड़ के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों और नागरिकों को ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का संदेश देते हुए टीबी की रोकथाम, लक्षणों की समय पर पहचान, जांच और पूर्ण उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
आयोजन के माध्यम से टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी बढ़ाने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें बालक वर्ग में हेमंत यादव ने प्रथम, राहुल वर्मा ने द्वितीय और डोमन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में संतोषी उसेंडी प्रथम, मंजू साहू द्वितीय और तनिषा ध्रुव तृतीय रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एसडीएम एवं जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, उपाध्यक्ष केशव साहू, निगम सभापति एवं पार्षदगण, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एडिशनल एसपी डी.सी. पटेल, डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम, जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, युवा और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा