कोरबा : तेज रफ्तार हाइवा ने माेटरसाइकिल सवारों को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल
कोरबा, 12 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सीमावर्ती पसान क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा कहरा नाला के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार हाइवा ने माेटरसाइकिल सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि माेटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर खून बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माेटरसाइकिल सवार युवक कटघोरा की ओर से पसान की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पसान की ओर से तेज गति से आ रहे हाइवा ने उनकी माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे।
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के मार्गों पर भी सूचना प्रसारित की गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण करने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि फरार हाइवा चालक की तलाश जारी है। वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी