कोरबा में हाइवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा, 05 अप्रैल (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलगी मोड़ से आगे शराब दुकान के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमेधा सलिहाभांठा निवासी रामेश्वर दास उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में रामेश्वर दास (35) की घटनास्थल पर ही माैत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और लापरवाह वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
इधर
हादसे की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस आक्रोशित भीड़ को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी