काेरबा में अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा, 08 सितम्बर (हि.स.)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। पुलिस की समझाइश और तत्काल सहायता राशि दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कनबेरी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर (47) के रूप में हुई है। वह सोमवार देर रात कोरबा से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा खेरभावना के पास सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सूचना पर पहुंची उरगा थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार चालक की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी