21 स्थानों पर विशेष योग शिविर से योगमय हो रहा शहर

 






धमतरी, 26 मई (हि.स.)। धमतरी शहर

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चित्रा अष्टांग योग केंद्र की अभिनव पहल पर हाउसिंग बोर्ड कालोनी हटकेशर स्थित चित्रा अष्टांग योग केंद्र द्वारा जिला प्रशासन एवं नगर निगम धमतरी के मार्गदर्शन में 21 मई से 21 जून तक नगर के विभिन्न 21 स्थानों पर विशेष योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन का उद्देश्य नगर निगम के सभी 40 वार्डों के लोगों तक योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता पहुंचाना है।

आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम योग फार वेलनेस विसडम एंड वर्ल्ड पीस के अनुरूप आयोजित इन शिविरों में प्रतिदिन सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक योगाभ्यास कराया जा रहा है। यह आयोजन वर्तमान में चल रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में लगाए जा रहे जनसमस्या निवारण शिविर स्थलों पर किया जा रहा है।

गायत्री आरोग्यं (आयुष) पॉली क्लीनिक के संचालक डाॅ. दिनेश नाग ने बताया कि शिविरों के सफल संचालन के लिए संबंधित वार्डों के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना देकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है तथा मुनादी के माध्यम से नागरिकों से योग शिविर में शामिल होने की अपील की जा रही है। योग शिविर में आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकाल के अनुसार अभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही संधि संचालन, सूक्ष्म व्यायाम तथा सर्वसुलभ सूर्य नमस्कार का अभ्यास भी कराया जा रहा है। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, बच्चे एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। लोगों में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिल रही है। शिविर का समापन 21 जून विश्व योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास के साथ किया जाएगा। आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा